किडनी रोगियों के लिए वरदान बना बोकाखात स्थित शहीद कमला मीरी सिविल अस्पताल का डायलिसिस केंद्र :
Aiidesh News : 25 April - 2026 :
कैलाश पटवारी, बोकाखात :
तमाम चुनौतियों और अभावों के बावजूद, बोकाखात स्थित शहीद कमला मीरी सिविल अस्पताल में 'प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस केंद्र' सेवा और समर्पण की एक नई मिसाल पेश कर रहा है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. हेमंत बोरा के कुशल मार्गदर्शन और वरिष्ठ डायलिसिस तकनीशियन सह केंद्र निदेशक मोहम्मद सिकंदर के नेतृत्व में यह केंद्र स्थानीय मरीजों के लिए 'जीवनधारा' साबित हो रहा है। असम के 33 जिलों में फैले 64 केंद्रों के नेटवर्क में बोकाखात का यह केंद्र अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। राज्य भर में स्थापित कुल 116 मशीनों में से 3 मशीनें यहाँ कार्यरत हैं। मोहम्मद सिकंदर के संचालन में चार सदस्यीय टीम पूरी कुशलता के साथ मरीजों की देखभाल कर रही है। पिछले साल अगस्त में हुए औपचारिक उद्घाटन के बाद से अब तक यहाँ किडनी रोगों से जूझ रहे लगभग 1,000 मरीजों का सफलतापूर्वक मुफ्त डायलिसिस किया जा चुका है। पहले जिन मरीजों को डायलिसिस के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, उनके लिए अब घर के पास ही विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध है। एक मरीज ने राहत महसूस करते हुए कहा, "अगर यहाँ यह केंद्र न होता, तो हमें इलाज के लिए बाहर भटकना पड़ता।"केंद्र की सेवाओं की गुणवत्ता और प्रबंधन का आलम यह है कि केवल बोकाखात ही नहीं, बल्कि उप-मंडल के बाहर के मरीज भी शहीद कमला मीरी सिविल अस्पताल का रुख कर रहे हैं। निःशुल्क सेवा और बेहतर चिकित्सा के समन्वय ने इस केंद्र को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल बना दिया है।
*******



